जमुई के इंजीनियर गोपाल कुमार पर EOU का कसा शिकंजा, पटना समेत 4 ठिकानों पर छापेमारी, आय से 81.5% अधिक संपत्ति का खुलासा
आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की ओर से भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जमुई के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के 4 ठिकानों पर छापामारी की गई। इस दौरान अभी तक 40 लाख रुपये कैश और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जमुई/पटना: बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर कार्रवाई तेज हो गई है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की ओर से भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जमुई के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के पांच ठिकानों पर छापामारी की गई। इस दौरान अभी तक 40 लाख रुपये कैश और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

इस मामले में इंजीनियर गोपाल कुमार के पटना के मजिष्ट्रेट कॉलोनी, ज्योतिपुरम अवस्थित जगत विला अपाटमेंट के फ्लैट में छापामरी की गई। इसके अलावा पूर्वी इन्दिरा नगर, राडे नं.- 04, कंकडबाग, पटना स्थित मकान, जमुई के केएम कॉलेज के समीप किराये का आवास और झाझा(जमुई) स्थित कार्या लय सहित कुल 04 ठिकानों पर अलग-अलग टीम की ओर तलाशी कार्रवाई की गई।
विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-08/26 दिनांक 15 मई 2026 दर्ज करते हुए अभियंता के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है
आर्थिक अपराध इकाई की ओर से दर्ज प्राथमिकी में गोपाल कुमार, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) पर ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि उन्होंने अपनी वैध आय से लगभग 2 करोड़ 61 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।
आर्थिक अपराध इकाई के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने इस बड़ी छापेमारी की पुष्टि की है. उन्होंने आधिकारिक तौर पर बताया कि विशेष कोर्ट के आदेश पर चारों ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. डीआईजी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में सभी जगहों पर तलाशी की कार्रवाई प्रगति पर है और इस ऑपरेशन के पूरी तरह संपन्न होने के बाद ही बरामदगी और कुल संपत्ति का अंतिम ब्यौरा सार्वजनिक किया जाएगा. बिहार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्ट अधिकारियों पर यह बड़ा प्रहार माना जा रहा है
dhananjaykumarroy